Baramulla News (J&K): जम्मू-कश्मीर में आतंकी साजिश का एक बड़ा प्लान सुरक्षाबलों की सतर्कता से नाकाम हो गया है। बारामुला-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर हाइगाम के पास सड़क किनारे एक IED (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) मिलने से हड़कंप मच गया।
समय रहते बड़ा हादसा टला
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सुरक्षाबलों को शनिवार सुबह हाईवे पर संदिग्ध वस्तु दिखी, जिसके बाद तुरंत ट्रैफिक रोका गया। जांच में वह वस्तु IED निकली। बम डिस्पोजल स्क्वॉड और सेना की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ ही देर में IED को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
सेना और पुलिस का संयुक्त अभियान
IED मिलने के बाद सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने हाइगाम और आस-पास के इलाकों में कंबिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि यह विस्फोटक सेना या सुरक्षाबलों के काफिले को निशाना बनाने के इरादे से लगाया गया था।
सुरक्षा के लिए हाईवे बंद
ऑपरेशन के दौरान बारामुला-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया था। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक सुरक्षा एजेंसियां इलाके को पूरी तरह क्लियर नहीं कर देतीं, तब तक वहां आवागमन से बचें। स्थिति अब नियंत्रण में है, और ट्रैफिक जल्द बहाल होने की उम्मीद है।
आतंकी साजिश की जांच जारी
सुरक्षा एजेंसियां आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि IED किसने और कब लगाया। प्रारंभिक जांच में यह आतंकी मॉड्यूल की करतूत मानी जा रही है। फिलहाल कोई हताहत नहीं हुआ है।