लॉस एंजेलिस/न्यू जर्सी।
हॉलीवुड से एक दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म ‘द लायन किंग’ में अपनी आवाज और अभिनय से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री इमानी दिया स्मिथ (Emani Diya Smith) अब इस दुनिया में नहीं रहीं। सिर्फ 25 साल की उम्र में उनकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना पूरी फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर देने वाली है।

घर में लहूलुहान मिलीं एक्ट्रेस

मिडलसेक्स काउंटी अभियोजक कार्यालय (Middlesex County Prosecutor’s Office) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इमानी स्मिथ न्यू जर्सी के एडिसन स्थित एक घर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गईं। उनके शरीर पर कई जगहों पर चाकू के निशान मिले। पुलिस ने उन्हें तुरंत रॉबर्ट वुड जॉनसन यूनिवर्सिटी अस्पताल (Robert Wood Johnson University Hospital) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप

पुलिस ने इस मामले में इमानी के बॉयफ्रेंड जॉर्डन डी. जैक्सन स्मॉल को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि किसी आपसी विवाद के बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद जॉर्डन ने इमानी की हत्या कर दी। आरोपी पर हत्या (Murder) और गैरकानूनी हथियार रखने (Illegal Possession of Weapon) के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।

कम उम्र में बनाई थी खास पहचान

इमानी दिया स्मिथ ने बहुत छोटी उम्र में ही मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बना ली थी। उन्होंने डिज्नी की सुपरहिट एनिमेटेड फिल्म “The Lion King” में ‘यंग नाला (Young Nala)’ के किरदार को अपनी आवाज दी थी। इस भूमिका के लिए उन्हें दुनियाभर में सराहना मिली थी।

परिवार और फैंस में शोक की लहर

इमानी अपने परिवार में माता-पिता, दो छोटे भाईयों और तीन साल के बेटे को पीछे छोड़ गई हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार शोक में डूबा है। सोशल मीडिया पर प्रशंसक और कलाकार समुदाय उनकी आत्मा की शांति के लिए शोक संदेश साझा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *