दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस की ओर से वोट चोरी के आरोपों के विरोध में आयोजित रैली में एक विवादित घटना सामने आई है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगाए, जिसमें “मोदी तेरी कब्र खुदेगी” जैसे नारे शामिल थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया और न्यूज एजेंसी आईएएनएस द्वारा भी शेयर किया गया है, जिसमें कुछ महिला कार्यकर्ता पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करती नजर आ रही हैं।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता और महिला मोर्चा के पदाधिकारियों ने इस तरह की नारेबाजी की है, जो देशविरोधी और अपमानजनक है। उन्होंने कहा कि इससे साफ हो गया है कि कांग्रेस की सोच माओवादी सोच जैसी है। भंडारी ने आगे कहा कि पीएम मोदी देशविरोधियों और देश के बीच एक चट्टान की तरह खड़े हैं और ऐसे नारे देश की अस्थिरता को बढ़ावा देते हैं।

भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि कांग्रेस का एजेंडा संविधान पर वार करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता नारे लगा रहे हैं, “कब्र खुदेगी मोदी की, आज नहीं तो कल खुदेगी।” पूनावाला ने आगे लिखा कि रागिनी नायक द्वारा हाल में एआईवीडियो शेयर किया गया था, जिसमें पीएम मोदी को चायवाले के रूप में दिखाया गया था, जो भी आपत्तिजनक था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पीएम मोदी को 150 से ज्यादा बार गालियां दी हैं और राहुल गांधी ने चुनाव आयोग को धमकी दी है।

कांग्रेस की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। लेकिन भाजपा का दावा है कि रामलीला मैदान की रैली में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनता के खिलाफ और देश की अस्थिरता को बढ़ावा देने वाले नारे लगाए हैं। यह घटना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है और दोनों दलों के बीच तीखी बहस छिड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *